शेखनापुर गांव की बदहाल हालत: टूटी सड़कें, जाम नालियां और जलभराव बना ग्रामीणों की परेशानी
टूटी सड़कें, जाम नालियां

शेखनापुर गांव की बदहाल हालत: टूटी सड़कें, जाम नालियां और जलभराव बना ग्रामीणों की परेशानी
लहरपुर (सीतापुर)। संवाददाता अनिल कुमार निषाद
ग्राम पंचायत शेखनापुर, पोस्ट शाहपुर, तहसील लहरपुर, जनपद सीतापुर के निवासी इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। गांव की सड़कें टूट चुकी हैं, नालियों की सफाई नहीं हो रही, जलभराव आम समस्या बन गई है और सफाईकर्मी लापरवाह हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच एवं कार्यवाही की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, शेखनापुर चौराहे से गांव के अंदर जाने वाला मुख्य खड़ंजा पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे लोगों का आना-जाना कठिन हो गया है। खासकर बरसात में यह रास्ता कीचड़ और गड्ढों से भर जाता है। यही नहीं, गांव के विभिन्न हिस्सों में नालियों की स्थिति अत्यंत खराब है, कई जगहों पर नालियों को ढक दिए जाने के कारण पानी का बहाव रुक गया है, जिससे घरों के आगे जलभराव की स्थिति बन रही है।
प्रमुख समस्याएं:
1. चौराहे से जमुना गुप्ता की दुकान तक सड़क पूरी
तरह क्षतिग्रस्त है और नाली में पानी का निकास नहीं हो रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाईकर्मी राजकुमार भार्गव राजनीतिक संरक्षण के चलते शेखनापुर में सफाई कार्य करने नहीं आते।
2. सीतला माता मंदिर से बाके यादव के घर तक दो वर्ष पूर्व जल निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाई गई, लेकिन उसके बाद खड़ंजा नहीं बनाया गया। इससे यह रास्ता बदतर हालत में पहुंच चुका है।
3. मंदिर ठाकुर द्वारा के पास जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण भारी जलभराव रहता है, जिससे राहगीरों को काफी कठिनाई होती है।
4. जमुना की दुकान से उच्च प्राथमिक विद्यालय तक खड़ंजा पूरी तरह उखड़ गया है, जिससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों को दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत की सड़कों और नालियों की उचित जांच करवाई जाए और दोषी ग्राम प्रधान, सफाईकर्मी और जल निगम के जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए।




