मास्टर्स 40+ में पवन-कपिल बने विजेता, डॉ. निखिल-आदित्य रहे उपविजेता
खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

मास्टर्स 40+ में पवन-कपिल बने विजेता, डॉ. निखिल-आदित्य रहे उपविजेता
सीतापुर बैडमिंटन प्रीमियर लीग सीजन-1 के अंतिम दिन मास्टर्स 40+ वर्ग के पुरुष एकल व युगल मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतियोगिता में लखनऊ, शाहजहांपुर, हरदोई समेत विभिन्न जनपदों से खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रमुख समाजसेवी सागर गुप्ता द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।
पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में पवन अग्रवाल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिजीत को सीधे सेटों में 21-15, 21-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
वहीं पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में मुकाबला कड़ा रहा। पवन-कपिल और डॉ. निखिल-आदित्य की जोड़ियों के बीच हुए इस रोमांचक मैच में तीन सेटों तक कांटे की टक्कर रही।
पहला सेट डॉ. निखिल-आदित्य ने 21-18 से जीता, लेकिन पवन-कपिल की जोड़ी ने दूसरे सेट में 21-15 से वापसी कर ली। निर्णायक तीसरे सेट में पवन-कपिल ने 21-18 से जीत दर्ज करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सांसद राकेश राठौर उपस्थित रहे। ज़िया चैंबर क्लब के अध्यक्ष तनवीर अख्तर अंसारी द्वारा सांसद को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सांसद ने भी अध्यक्ष को शॉल पहनाकर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
सांसद राकेश राठौर द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे खिलाड़ियों में उत्साह और उमंग देखने को मिली। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के मैच नियंत्रक डॉ. निखिल कुमार रस्तोगी, तकनीकी अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, क्षितिज त्रिपाठी, मिलन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




