
अवैध हॉस्पिटल में गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, डॉक्टर फरार
सांडा (सीतापुर), संवाददाता राजेश कुमार
बिसवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सांडा कस्बे स्थित एक अवैध निदान हेल्थ केयर सेंटर में शुक्रवार रात एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रीति देवी (35 वर्ष) पत्नी रोहित निवासी सांडा के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, प्रीति को चार दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ डॉक्टरों ने इलाज के दौरान लगातार पैसे की मांग की। गुरुवार को डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि गर्भ में पल रहे शिशु की मृत्यु हो चुकी है और तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता है।
शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे प्रीति देवी की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गए।
मृतका के दो छोटे बच्चे हैं — एक दो वर्षीय बेटा और चार वर्षीय बेटी, जो अब मां की ममता से वंचित हो गए हैं।
इस घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से अवैध रूप से संचालित इस अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि यदि परिजन लिखित शिकायत दर्ज कराते हैं, तो निदान हेल्थ केयर सेंटर के संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना ने क्षेत्र में अवैध चिकित्सा संस्थानों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




