
राज्य वित्त योजना चढ़ी भ्रष्टाचार की भेंट, लखनियापुर में लाखों का घोटाला उजागर
- सकरन (सीतापुर): विकासखंड सकरन की ग्राम पंचायत लखनियापुर में राज्य वित्त योजना में भारी भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत भवन में अतिरिक्त सामान की निकासी के नाम पर लाखों रुपये की बंदरबांट की गई है।
सूत्रों के अनुसार बीते माह नल मरम्मत और रखरखाव के नाम पर मोटी रकम निकाली गई, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने यह पूरी धनराशि हड़प ली है।
राज्य वित्त योजना के तहत गांवों में स्वच्छता, पेयजल, और सेनेटाइजेशन जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए सरकार द्वारा बजट जारी किया जाता है, लेकिन लखनियापुर में यह राशि कथित रूप से फोटोग्राफी, कागजी काम और फर्जी बिलों में दिखाकर हजम कर ली गई।
- ग्रामवासियों ने बताया कि गांव में डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं, पर सेनेटाइजेशन जैसी कोई कार्रवाई नहीं हो रही। बावजूद इसके दवाओं के छिड़काव के लिए आया पैसा निकाल लिया गया है, जिसका कोई इस्तेमाल नहीं किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि इस घोटाले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन को चेताएंगे।




