
भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। पाकिस्तानी सेना के मुताबिक भारत ने 6 अलग-अलग स्थानों पर 24 मिसाइलों से हमला किया। इस हमले में 8 लोगों की मौत हुई है और 33 लोग घायल हुए हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने हमले की जानकारी अमेरिका को दी है। हमले में आतंकी हाफिज सईद का मदरसा भी निशाने पर था। भारत ने स्पष्ट किया है कि यह हमला सिर्फ आतंकियों के खिलाफ है और यह युद्ध नहीं बल्कि आत्मरक्षा है।
पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र 48 घंटों के लिए बंद कर दिया है। स्कूल और कॉलेज भी बंद कर दिए गए हैं। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि भारत ने युद्ध थोपा है और पाकिस्तान इसका जवाब देगा।
भारत ने सभी एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर दिया है। श्रीनगर, लद्दाख और जम्मू के एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। एयर इंडिया ने चंडीगढ़, जोधपुर, श्रीनगर, जम्मू और लेह की उड़ानें दोपहर 12 बजे तक के लिए रद्द कर दी हैं। भारतीय सेना 10:30 बजे प्रेस वार्ता में हमले की विस्तृत जानकारी देगी।




