
- मनरेगा में बड़ा घोटालाः
- ताजपुर सलोली में फर्जी मस्टर रोल से निकाली लाखों की राशि, जिम्मेदार मौन
सीतापुर के विकास खंड सकरन की ग्राम पंचायत ताजपुर सलोली में मनरेगा योजना में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। आनलाइन पोर्टल पर ताजपुर सलोली में चार कार्यों के लिए 139 मजदूर और उमरा खुर्द में दो कार्यों के लिए 64 मजदूर दर्शाए गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों में मानक का पालन नहीं किया गया। धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। इसके बावजूद फर्जी मस्टर रोल बनाकर लाखों रुपये का भुगतान किया गया।
मस्टर रोल में कई अनियमितताएं पाई गईं। कुछ मस्टर रोल में महिला श्रमिकों की संख्या फोटो से अधिक दिखाई गई। कुछ में महिलाएं गायब हैं। रोजगार सेवक ग्रामीणों को काम नहीं देते। लेकिन अपने चहेतों को बुलाकर मस्टर रोल अपलोड कर देते हैं।
एपीओ और खंड विकास अधिकारी के सख्त निर्देशों के बावजूद भ्रष्टाचार जारी है। रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक, प्रधान और सचिव की मिलीभगत से यह सब हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी के संरक्षण में यह भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है। जिम्मेदार अधिकारी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।